- मध्य प्रदेश Post by Admin on 20-09-2021 06:34:49pm
भिण्ड, (मुकेश मिश्रा) / केंद्र की मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रथम बार ग्वालियर पधार रहे हैं, केंद्रीय मंत्री बनने के बाद श्रीमंत सिंधिया का ये प्रथम 3 दिवसीय दौरा है, ग्वालियर आगमन पर ग्वालियर चम्बल अंचल के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व स्वागत करने की तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी हैं। उक्ताशय की जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ रमेश दुबे ने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्रीमंत सिंधिया जी केंद्र की यशस्वी मोदी सरकार की कैबिनेट के हिस्सा बनने के बाद पहली बार 3 दिवसीय दौरे में ग्वालियर आ रहे हैं,उनके स्वागत की तैयारियां भारतीय जनता पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ताओं ने शुरू कर दी हैं। डॉ दुबे ने बताया कि भिण्ड जिले से भी हज़ारों भाजपा कार्यकर्ता अपने नेता का स्वागत करने के लिए चार पाहिया वाहनों,बसों एवं अन्य साधनों के माध्यम से ग्वालियर पहुंचेगे और केंद्रीय मंत्री सिंधिया का पुष्पवर्षा करके जबरदस्त स्वागत करेंगे। डॉ दुबे ने कहा कि श्रीमंत सिंधिया के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ही श्रीमंत सिंधिया का स्वागत करें। डॉ दुबे ने कहा भारतीय जनता पार्टी के समस्त वरिष्ठ पदाधिकारी , युवा पदाधिकारी एवं समस्त कार्यकर्तागणों से निवेदन है कि अधिक से अधिक संख्या में ग्वालियर पहुंचकर भिण्ड जिले के स्वागत को अभूतपूर्व बनाने के लिए उपस्थित रहें। स्वागत अपील करने वालों में जिलाध्यक्ष नाथू सिंह गुर्जर, नगरीय प्रशासन एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया सहित समस्त मण्डल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।
