पीआईसी में 60 से ज्यादा नई सड़कों को स्वीकृति सदर बाजार का अधूरा डिवाइडर भी तोड़ा जाएगा

भिंड [ मुकेश मिश्रा ] नगरपालिका परिषद की पीआईसी (प्रेसीडेंट इन काउंसिल) की बैठक में 60 से ज्यादा नई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावा सदर बाजार में अधूरे पड़े डिवाइडर को तोड़े जाने पर भी फैसला हो गया है। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय चली बैठक में निर्माण कार्याें के बिंदुओं पर पीआईसी के सदस्यों ने एक स्वर में सहमति प्रदान कर दी। बता दें कि भिंड नगरपालिका की नवीन परिषद की पीआईसी की बैठक सोमवार की दोपहर आयोजित की गई थी। नगरपालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष भानू सिंह भदौरिया, सीएमओ वीरेंद्र तिवारी के अलावा सातों सदस्य पार्षदगण मौजूद रहे। बैठक के एजेंडा में 100 बिंदुओं को शामिल किया गया था, जिसमें 60 से ज्यादा बिंदु विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क और अन्य निर्माण कार्य से संबंधित थे। निर्माण कार्य के बिंदुओं पर पार्षदों ने बिना किसी लंबी चर्चा के एक स्वर में सहमति प्रदान कर दी। जबकि अन्य कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। वहीं सदर बाजार के अधूरे डिवाइडर को तोड़ने के विषय पर पार्षदों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह डिवाइडर किस इंजीनियर के तैयार किया था, उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए। साथ ही सदर बाजार में ट्रैफिक के दबाव को ध्यान में रखते हुए नया डिवाइडर तैयार किया जाए।

पीआईसी में 60 से ज्यादा नई सड़कों को स्वीकृति सदर बाजार का अधूरा डिवाइडर भी तोड़ा जाएगा

Leave a comment