कलेक्टर ने पर्यवेक्षक परियोजना भिंड ग्रामीण को किया निलंबित

भिण्ड 22 फरवरी 2025/(मुकेश मिश्रा)/ कलेक्टर भिण्ड श्री संजीव श्रीवास्तव ने कार्यवाही करते हुए पर्यवेक्षक परियोजना को निलंबित किया है । दरअसल पर्यवेक्षक के द्वारा पदीय दायित्वों का निर्वहन सही ढ़ंग से नहीं किया जाकर, कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर पर्यवेक्षक परियोजना भिण्ड (ग्रामीण) श्रीमती राखी चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने आदेश जारी कर कहा है कि दिनांक 22 फरवरी 2025 को आंगनबाडी केन्द्र द्वार एवं सनावई का औचक निरीक्षण किया गया। आंगनबाडी केन्द्र पर ताला लगा मिला। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका कार्य दिवस में अनुपस्थित मिली। कार्यकर्ता द्वारा संपर्क एप में भी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई। आंगनबाडी बंद होने की स्थिति से विभागीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को नहीं दिया जा रहा है। उक्त स्थिति से प्रतीत होता है कि आंगनबाडी केन्द्र का संचालन कई माह से नहीं किया जा रहा है। उपरोक्त स्थिति से स्पष्ट है कि श्रीमती राखी चौधरी, पर्यवेक्षक परियोजना भिण्ड ग्रामीण जिला भिण्ड को सौंपे गये पदीय दायित्वों का निर्वहन सही ढ़ंग से नहीं किया जाकर, कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता को प्रदर्शित करते हुए वरिष्ठ कार्यालय से जारी लिखित निर्देशों को अनदेखा किया जाकर अपनी मनमर्जी से कार्य किया जा रहा है तथा किसी लालच में आकर तथ्यों को छुपाया जाना स्पष्ट करता है। उपरोक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए, श्रीमती राखी चौधरी, पर्यवेक्षक परियोजना भिण्ड (ग्रामीण) जिला भिण्ड को म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण व अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर, मुख्यालय बाल विकास परियोजना अटेर, जिला भिण्ड किया जाता है।

कलेक्टर ने पर्यवेक्षक परियोजना भिंड ग्रामीण को किया निलंबित

Leave a comment