मेहगांव में खाद के लिए किसानों की सुबह  से लंबी कतारें

भिंड, मध्यप्रदेश/ मुकेश मिश्रा/ मध्यप्रदेश के भिंड जिले में रबी और खरीफ की बुवाई के बीच किसानों को खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। हालांकि खरीफ की फसलों के मद्दे नजर यूरिया और डी ए पी की महती आवश्यकता को देखते हुए जिले के मेहगांव खाद वितरण केंद्र पर प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्था न किए जाने के कारण हर दिन सैकड़ों किसान सुबह अंधेरे से ही लाइन में लगने को मजबूर हैं। *क्या है पूरा मामला* मेहगांव के सहकारी समिति और निजी खाद केंद्र पर डीएपी और यूरिया की मांग अचानक बढ़ गई है। लेकिन वितरण के लिए केवल 1-2 काउंटर ही खोले गए हैं। नतीजा: रात 3-4 बजे से ही किसान पर्ची बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय किसानों ने बताया कि 9 बजे काउंटर खुलता है, लेकिन उससे पहले ही 200-300 लोगों की भीड़ लग जाती है। धूप, गर्मी और अव्यवस्था के बीच बुजुर्ग और महिला किसान भी घंटों खड़े रहते हैं। कई बार पर्ची बनते-बनते खाद खत्म हो जाती है और लोगों को अगले दिन फिर आना पड़ता है। *किसानों का कहना है* मेहगांव के किसान बसंत शर्मा ने कहा: "हम 4 बजे से लाइन में लगे हैं। अगर पर्ची के 4-5 काउंटर और बढ़ा दिए जाएं तो 2 घंटे में सबका काम हो जाए। अभी एक ही काउंटर से पूरा गांव निपटता है तो दिन निकल जाता है।" दूसरे किसान अशोक व्यास ने बताया: "खाद समय पर नहीं मिल रही। बुवाई लेट हो रही है। अधिकारी आते हैं, फोटो खिंचवाकर चले जाते हैं। जमीनी व्यवस्था कोई नहीं देखता।" *कुप्रबंधन के 3 बड़े कारण* 1. *काउंटर कम*: मांग के हिसाब से स्टाफ और काउंटर नहीं बढ़ाए गए 2. *स्टॉक की अनियमितता*: कई बार केंद्र पर खाद आता है लेकिन सूचना पहले नहीं दी जाती, जिससे अचानक भीड़ लग जाती है 3. *ऑनलाइन-पर्ची सिस्टम फेल*: टोकन और पर्ची वितरण में पारदर्शिता नहीं, लाइन तोड़कर आगे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं *प्रभाव* समय पर खाद न मिलने से गेहूं और चने की बुवाई प्रभावित हो रही है। किसानों को मजबूरी में महंगे दाम पर खुले बाजार से खाद खरीदना पड़ रहा है। इससे खेती की लागत बढ़ गई है। *प्रशासन से मांग* किसानों ने जिला कलेक्टर और जिला कृषि अधिकारी से मांग की है कि: - मेहगांव केंद्र पर तत्काल 3-4 अतिरिक्त पर्ची काउंटर शुरू किए जाएं - खाद आने की सूचना SMS/पंचायत के माध्यम से पहले दी जाए - महिला और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था हो इनका कहना है:– १. इस मामले में जिला कृषि विभाग के अधिकारी श्री राम सुजान शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर किसानों के हित में जरूरी कदम उठाने की बात कही और कहा है कि खाद वितरण में किसानों को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। 2 . किसानों की बद से बत्तर स्थिति के लिए जिम्मेदार मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार है। हमारी प्रशासन से मांग है कि अन्न दाता किसान की समस्या को शीघ्र हल किया जाए अन्यथा कांग्रेस आंदोलन के लिए मजबूर होगी। (डॉ अनिल भारद्वाज प्रवक्ता मध्यप्रदेश कांग्रेस भिंड) ---

मेहगांव में खाद के लिए किसानों की सुबह  से लंबी कतारें

Leave a comment