मांगों को लेकर ईपीएस पेंशनर एक जून को रखेंगे उपवास

भिंड (ब्यूरो) / आल इंडिया ईपीएस 95 पेंशनर्स संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत के आव्हान पर देशभर के अल्प पेंशनभोगी अपनी मांगों को लेकर 1 जून को उपवास पर रहेंगे। संगठन के जिला अध्यक्ष बीके बौहरे ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि भिंड जिले के सभी ईपीएस पेंशनर मंगलवार को अपने अपने घरों पर कोरोना महामारी की गाइडलाइन का पालन करते हुए उपवास रखकर मिनिमम पेंशन रुपए 7500 प्लस महंगाई भत्ते की मांग करेंगे। विदित हो कि पेंशन बढ़ोतरी की मांग को लेकर भिंड जिले के ईपीएस पेंशनरों द्वारा शहर के गांधी मार्केट पर लगातार 65 दिनों तक अनशन आंदोलन किया था। संगठन के राष्ट्रीय मुख्यालय बुलढाणा महाराष्ट्र में पिछले 891 दिनों से लगातार श्रंखला अनशन आंदोलन जारी है। विगत 4 मार्च 2020 को सांसद हेमामालिनी की अगुआई में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी उक्त चर्चा में प्रधानमंत्री ने पेंशन में बढ़ोतरी का पूरा आश्वासन दिया था परंतु 1 वर्ष बीत जाने के बाद भी सरकार द्वारा मांग पूरी न करने से पेंशनर वर्ग में भारी रोष व्याप्त है।

Leave a comment